हर साल 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस (World Childrens Day) के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य दुनिया भर के लोगों में बच्चों की शिक्षा, अधिकारों और बेहतर भविष्य के प्रति जागरुकता फैलाना है। आइए जानते हैं विश्व बाल दिवस (World Childrens Day) से जुड़ी अहम बातें।
बच्चे देश का भविष्य होते हैं। किसी भी देश के विकास के लिए बच्चों का विकास बहुत जरूरी है। ऐसे में बच्चों को बेहतर रहने का माहौल और अच्छी शिक्षा देना समाज और देश की जिम्मेदारी है।
इन भावी प्रतिभाओं के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए भारत में हर साल 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। लेकिन बहुत कम लोग जानते होंगे कि बाल दिवस केवल एक दिन या केवल भारत में ही नहीं मनाया जाता है।
बल्कि इसे पूरे एक हफ्ते तक मनाया जाता है और दुनिया भर के कई देश इस दिन को मनाते हैं। बाल दिवस 14 नवंबर से 20 नवंबर तक मनाया जाता है। 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस (World Childrens Day) के रूप में मनाया जाता है।
दुनियाभर में बाल दिवस मनाने का मकसद सभी देशों में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जागरुकता फैलाना है।
दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) समेत कई अंतरराष्ट्रीय संगठन बच्चों के अधिकारों के लिए काम कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष (यूनिसेफ) भी बाल विकास और कल्याण की दिशा में काम कर रहा है।
World Childrens Day का इतिहास
20 नवंबर, इस तारीख को उस दिन के लिए भी याद किया जाता है जब संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने बच्चों के अधिकारों की घोषणा की थी। विश्व बाल दिवस मनाने की शुरुआत 1954 में हुई, जब 20 नवंबर 1954 को पहली बार यूनिवर्सल चिल्ड्रन डे मनाया गया।
तब से यह दिन हर साल मनाया जा रहा है। 20 नवंबर बाल अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन की वर्षगांठ भी है। इसलिए इस दिन को बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
विश्व बाल दिवस 2022 की थीम
विश्व बाल दिवस 2022 की थीम ‘इन्क्लूजन, फॉर एवरी चाइल्ड’ है। भारत में विश्व बाल दिवस के अवसर पर देश की प्रतिष्ठित इमारतों जैसे राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, राज्य विधानसभा भवन और ऐतिहासिक स्मारकों को #GoBlue रोशनी से रोशन किया जाएगा।
जरूर देखें: वाहन बीमा लेने से पहले जान ले ये बात, वरना होगा बड़ा नुकसान